बरियारपुर। पथरदेवा विकासखंड के रामपुर अवस्थी स्थित भारत गैस एजेंसी पर शुक्रवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली। लोगों ने बताया कि भोर करीब 2 बजे से ही लोग गैस सिलिंडर के लिए कतार में लग गए थे।इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग शामिल रहे।
लाइन में लगे उपभोक्ताओं ने बताया कि एजेंसी द्वारा चार दिन पहले की बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को ही गैस सिलिंडर दी जा रही है, जबकि हाल की बुकिंग वालों को वापस किया जा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। कुछ उपभोक्ताओं ने एजेंसी कर्मियों पर आरोप लगाया कि परिचित और सिफारिश वाले लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि आम लोग पूरी रात लाइन में लगने के बावजूद परेशान हो रहे हैं। मामले को लेकर उपभोक्ताओं ने प्रशासन से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।