बरहज। बदहाल बिजली आपूर्ति व्यवस्था और घर की छत के ऊपर से गुजरे हाइटेंशन तार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सोमवार को जयनगर विद्युत उपकेंद्र में धरना-प्रदर्शन किया। एसडीओ को ज्ञापन दिया गया। इसके बाद धरना दे रहे लोग मिर्जापुर गांव पहुंचे और वहीं धरना पर बैठ गए।
कांग्रेस प्रवक्ता और सेवानिवृत्त कैप्टन रविप्रताप सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण बरहज बिजली निगम कार्यालय पहुंचे। वहां सभी धरना पर बैठ गए। उनका कहना था कि मिर्जापुर गांव में हाईटेंशन तार लोगों के घर के छत के ऊपर से गया हुआ है, जो हादसे का कारण बन सकता है। इसके जद में आने से पूर्व में बच्ची झुलस गई थी। कुछ दिनों से 11 हजार वोल्टेज के तार वाला लोहे का खंभा टूट गया है। कभी भी किसी अनहोनी का कारण बन सकता है। धरना-प्रदर्शन कर रहे लोग बिजली कर्मियों पर तकनीकी खराबी दुरुस्त करने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप लगा रहे थे। मौके पर भोला पांडेय, शहाबु, हकीमुद्दीन, निजामुद्दीन, इसराइल, अरमान, हिना, अलविशा, वाहिद आदि मौजूद रहे।
-
मिर्जापुर में खंभों से नीचे लटक रहे तार
बरहज। मिर्जापुर के पोखरा टोला में खंभों पर लगे बिजली के तार नीचे लटके हैं। गांव के शहाबु, अकीमुद्दीन, निजामुद्दीन, इसराइल, मुमताज, हिना, रोहित, मनउव्वर, शहीद, सनवर, एकराम, जुमराती सहित करीब डेढ़ दर्जन लोगों के घर के छतों से होकर हाईटेंशन तार गुजरा हुआ है। और तो और अदालत पटेल पुत्र स्व. फौजदार के छत पर ही 220 वोल्ट का तार बांध दिया गया है। हादसे के डर से लोग छत पर जाने से कतराते हैं।