- भटनी क्षेत्र के बभनौली कला गांव का मामला, खंभे से घर में गए केबिल पर सूखने के लिए डाल रहा था कपड़ा
भटनी। क्षेत्र के बभनौली कला गांव में नहाने के बाद केबिल पर कपड़ा सूखने के लिए डालने के दौरान एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पति को तड़पता देख बचाने गई पत्नी भी झुलस गई। उसका इलाज गोरखपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बभनौली कला गांव निवासी विकास उर्फ वीनस राजभर (25) भटनी कस्बे के नकहनी चौराहे पर जूस की दुकान चलाता था। सोमवार सुबह करीब आठ बजे दुकान पर जाने के लिए नहाने के बाद बिजली के केबल पर अंडरवियर सूखने के डालने गया। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। पति को बिजली का करंट लगता देख पत्नी प्रतिमा (22) उसे बचाने पहुंची। वह भी करंट की चपेट में आ गई।
परिजनों ने शोर मचाया तो पड़ोसियों ने डंडे से केबिल पर मारकर उन्हें अलग किया। परिजन दोनों को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने वीनस को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गम्भीर हालत देख प्रतिमा को मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि वीनस के पिता सुरेश राजभर सफाईकर्मी हैं और वह इन दिनों में दिल्ली में है। परिवार के लोग, रिश्तेदार और ग्रामीण सुरेश के घर आने का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस संबंध में सीओ भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि करंट की चपेट में आने से दुकानदार की मौत हुई है। शव को कब्जे में पोस्टमार्टम में भेज दिया गया है।