देवरिया। डीएम मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को कलक्ट्रेट कार्यकक्ष में जल निगम (ग्रामीण एवं शहरी), बाढ़ खंड, सिंचाई, लघु सिंचाई तथा नलकूप विभाग के कार्यों की समीक्षा की।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को विभागीय परियोजनाओं एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
जल निगम की योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण में तेजी लाने को कहा। पेयजल परियोजनाओं को भी निर्धारित समय में पूरा कराने पर जोर दिया गया।
बाढ़ खंड के कार्यों की समीक्षा में जलस्तर और बारिश संबंधी आंकड़ों को नियमित रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने बाढ़ एवं कटान से बचाव से जुड़े कार्यों की प्रभावी निगरानी करते हुए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने की बात भी कही।
सिंचाई विभाग की योजनाओं की जानकारी लेते हुए डीएम ने नहरों में पानी की उपलब्धता और टेल तक उसकी पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने नहरों की ब्लॉकवार स्थिति का विवरण तैयार रखने तथा आवश्यकतानुसार सिल्ट सफाई कराने को कहा।
नलकूप विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान सभी राजकीय नलकूपों को क्रियाशील रखने तथा किसानों को निर्बाध सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
यांत्रिक एवं विद्युत खराबी के कारण बंद नलकूपों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने तथा नए नलकूपों की स्थापना एवं पुराने नलकूपों के मरम्मत कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।