देवरिया। मध्य प्रदेश के भोपाल में तैनात उपसचिव कृषि संतोष वर्मा के विरुद्ध देशद्रोह, वर्ग विद्वेष, मानहानि, अपमानजनक व समाज में अशांति फैलाने का परिवाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मंजू कुमारी की अदालत में मंगलवार को दाखिल किया गया है।
आईएएस संतोष वर्मा पर आरोप है कि उन्होंने वर्ग विशेष को अपमानित करने के लिए उनकी बेटियों के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया है, जिससे समाज में अशांति फैल गई है, वर्ग विद्वेष की प्रबल संभावना होने के कारण उनका आचरण देशद्रोह की श्रेणी में आता है, ऐसे में उन्हें तलब कर दंडित किया जाए।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंधी मिल कॉलोनी निवासी उत्तर प्रदेश सरयूपारीण ब्राह्मण परिषद काशी इकाई के मंत्री कौशल कुमार मिश्रा का आरोप है कि उपसचिव कृषि मध्य प्रदेश भोपाल संतोष वर्मा ने सरकारी सेवा में रहते हुए इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया में अपमानजनक बयान दिया है, जिससे ब्राह्मणों के प्रति समाज में हीन भावना ही नहीं बल्कि वर्ग विद्वेष से देशद्रोह की स्थिति उत्पन्न हो गई है, उनके व्यंगात्मक शब्दों से मेरी व मेरे जानने वालों में आक्रोश व्याप्त होने के कारण मानसिक कष्ट हुआ है।
इनका आचरण व कृत्य समाज में अशांति फैलाने के साथ-साथ देशद्रोह की श्रेणी में आता है, ऐसे में शासकीय पद पर रहते हुए दूसरे की भावनाओं को ठेस पहुंचाकर वर्ग विशेष की महिलाओं को अपमानित करना न्याय संगत नहीं है। संवाद