सलेमपुर। नगर पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों की जांच के लिए गठित त्रिस्तरीय समिति की कार्यप्रणाली पर शिकायतकर्ता ने सवाल उठाए हैं।
शिकायतकर्ता उद्योग व्यापार मंडल सलेमपुर के तहसील अध्यक्ष सुधाकर गुप्त ने समिति पर जांच प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब का आरोप लगाया है। शनिवार को सलेमपुर कस्बे के सोहनाग मोड़ पर इससे संबंधित एक प्रेस वार्ता के दौरान सुधाकर गुप्त ने कहा कि उन्होंने 7 जनवरी को नगर पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों में घोटाले और अनियमितताओं से संबंधित 49 बिंदुओं पर लोकायुक्त को शिकायत भेजी थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए लोकायुक्त ने डीएम देवरिया को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए थे। डीएम ने जांच के लिए त्रिस्तरीय समिति का गठन किया गया था तथा स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि समिति के एक सदस्य ने 2 मई को केवल 10 स्थलों का निरीक्षण किया, जहां प्रारंभिक स्तर पर अनियमितताएं भी सामने आईं। इसके बाद समिति का कोई भी सदस्य दोबारा मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचा। शिकायतकर्ता ने कहा कि निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई है।