मालवीय रोड स्थित यूनियन बैंक के गेट पर रुपये के इंतजार में बैठे ग्राहक।
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। सर्वर डाउन होने से बैंकों का कार्य प्रभावित रहा। आधी रात से कतार में लगे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा। क्षेत्र के अधिकांश बैंकों के बाहर नो कैश का बोर्ड लगा रहा। कई बैंकों में लोगों ने हंगामा किया।
नोटबंदी के बाद लोगों की बढ़ी परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही। शनिवार को भोर से लोग बैंकों के बाहर कतार में लगे थे। सुबह बैंक खुला तो कई बैंक ने नो कैश का बोर्ड लगा दिया। इसको लेकर लोगों ने हंगामा किया।
लार, भटनी, मझौलीराज के बैंकों का सर्वर डाउन होने के कारण कार्य ठप रहा। दिन में करीब तीन बजे के बाद सर्वर ठीक होने पर बैंकों का कार्य शुरू हुआ। देर शाम तक बैंकों में रुपये के लिए लोगों में अफरातफरी मची रही। देहात इलाके के कई बैंकों का ताला तक नहीं खुला। इसकी वजह कैश का बैंक में नहीं होना बताया गया। सलेमपुर नगर के एटीएम भी कैशलेस रहे।
इसको लेकर पुलिस भी सतर्क रही और बैंकों का चक्कर लगाती रही। एसबीआई के शाखा प्रबंधक ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण परेशानी हुई। दोपहर बाद ठीक होने पर लोगों को कैश दिया गया।