बाइक सवार को बचाने में एक कॉलेज का मिनी बस खेत में पलट गई। उसमें सवार बीएड की चार छात्राएं घायल हो गईं। बस की टक्कर से बाइक सवार युवक को भी गंभीर चोट आई हैं। दुर्घटना के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। युवक की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
श्रीराम महाविद्यालय तेलिया कला का वाहन सलेमपुर से बीएड की छात्राओं को लेकर शनिवार को कॉलेज जा रहा था। सुबह 10 बजे बस रामपुर बुजुर्ग गांव के सामने पहुंचा था कि सामने आ रहे बाइक सवार युवक को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकरा कर खेत में जा पलटी। उसमें सवार टीचर्स कॉलोनी निवासी छात्रा जागृति तिवारी, प्रीती यादव, रूबी घायल हो गईं। रामपुर बुजुुर्ग गांव निवासी बाइक सवार आदित्य प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पहुंचे लोगों ने खिड़कियों का शीशा तोड़ बस के अंदर फंसी छात्राओं को निकाला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी का इलाज हुआ। बाइक सवार युवक को ज्यादा चोट आने के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रभारी कोतवाल शशिकांत पांडेय ने बताया कि बस की निगरानी के लिए होमगार्डों की ड्यूटी लगा दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।