बरहज। नगर-क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से शीतलहर का कहर जारी है। जो थमने का नाम नहीं ले रहा है। वहीं ठिठुरते मरीजों को लेकर अस्पतालों में सुविधाओं की भारी कमी है। कुछ एक जगहों पर तो इंतजाम ही नहीं है। हालांकि इससे जिम्मेदार भी बेपरवाह हैं।
हाड़ कंपा देने वाली ठंड में लोग घरों में दुबके हुए हैं। वहीं न चाहते हुए भी मरीजों का अस्पताल पर जाना मजबूरी है। बरहज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों के लिए 12 बेड की व्यवस्था है। खिड़कियों पर शीशे हैं। लेकिन बेड पर कंबल नहीं दिखाई दे रहा था। संयोग था कि अस्पताल में कोई मरीज भर्ती नहीं था। सोनाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुविधा नदारद है। वहां मरीजों के लिए कोई भी इंतजाम नहीं था। कुछ एक अस्पतालों में अलाव की व्यवस्था किया गया था। जो नाकाफी साबित हो रहा था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित आरोग्य मेला को लेकर मरीजों की भीड़ थी लेकिन इंतजाम नाकाफी थे। चिकित्साधीक्षक डॉ. अजय पाल ने बताया कि बरहज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों के लिए ठंड से बचाव के लिए मिलने वाली सुविधा के अनुरुप इंतजाम कराया गया है। संवाद