महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज के पीआईसीयू में भर्ती अपने बच्चों को देखता रानू गोंड़
देवरिया। भाटपाररानी थाना क्षेत्र के ग्राम भरौली में रविवार को पारिवारिक विवाद में पिता ने तीन मासूमों को चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और स्वयं भी पी लिया। इससे चारों की हालत बिगड़ गई। चीख-पुकार सुनने पर आसपास के लोगों ने चारों को भाटपाररानी पीएचसी पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हे देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जहां मासूमों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ग्राम भरौली निवासी रानू गोंड़ (25) पिकअप चालक है। पत्नी रमावती देवी से उसका अक्सर विवाद होता रहता है। कुछ दिन पहले पत्नी बच्चों को छोड़कर अपने मायके चली गई थी। रानू इससे परेशान था। पुलिस की पूछताछ में रानू ने आरोप लगाया कि पत्नी पांच दिनों से भोजन नहीं बना रही थी। इसी को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह बच्चों को छोड़कर मायके चली गई। इसीलिए उसने यह कदम उठाया है।
रविवार की सुबह उसने चाय बनाकर उसमें जहरीला पदार्थ मिला दिया और अपने तीनों बच्चों श्याम (4), माधुरी (2) और सबसे छोटा बेटा 18 माह को जहर पिला दिया और उसने स्वयं भी पी लिया। इसके बाद चारों की हालत बिगड़ने लगी। लोग उसे तथा बच्चों को तत्काल भाटपाररानी अस्पताल पहुंचाएं जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया भेज दिया गया। वहां उनका उपचार चल रहा है।
तीनों बच्चों का आईसीयू में इलाज चल रहा है और पिता रानू का इमरजेंसी में इलाज चल रहा है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि थाना भाटपाररानी क्षेत्रान्तर्गत एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से विवाद के के बाद अपने तीन बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। उनका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।