देवरिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भालीचौर और बैतालपुर में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वस्थ मेला का सीएमओ डाॅ. अनिल कुमार गुप्ता ने रविवार को निरीक्षण किया। उन्होंने मेले से मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। पीएचसी भालीचौर में गंदगी देख भड़क गए और फटकार लगाते हुए चिकित्सक सहित सभी पांच स्वास्थ्यकर्मियों का जून का वेतन बाधित कर दिया।
सीएमओ डाॅ. अनिल कुमार गुप्ता ने सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भालीचौर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स एवं अन्य कर्मचारी मौजूद मिले। ओपीडी में चिकित्सक मरीजों देखते मिले। अस्पताल परिसर में जगह-जगह गंदगी देख सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने नाराजगी जाहिर करते हुए सभी स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार लगाया और चिकित्सक सहित सभी पांच स्वास्थ्यकर्मियों का जून माह का वेतन बाधित कर दिया।
उन्होंने मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरोग्य मेले में मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र पर मिलने वाली सभी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने दवा भंडारण, लैब को देखा और कहा कि अस्पताल पर मिलने वाली सभी दवाएं उपलब्ध रहें।
सीएमओ ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में अधिक से अधिक आम जनमानस को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिले। उन्होंने अस्पताल में साफ सफाई और स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ डॉ गुप्ता प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैतालपुर पहुंचे। यहां भी चिकित्सक सहित सभी स्टाफ मौजूद रहे। उन्होंने चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मरीजों से मधुर व्यवहार करें और अस्पताल परिसर में साफ सफाई और स्वच्छता बनाए रखें।
सीएमओ लैब पहुंचे और एलटी से अस्पताल पर होने वाले जांच के बारे में जानकारी ली और दिशानिर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी और दवाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएमओ डॉ. कार्तिक पांडेय आदि मौजूद रहे।