देवरिया। जिले में तीन महीने के भीतर तीसरी बार आए मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को चुनावी तैयारी में जुटने के स्पष्ट संकेत दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि आपके क्षेत्र में सड़क, पुल, अस्पताल, स्कूल के जो विकास कार्य हो रहे हैं उसके लिए प्रस्ताव तैयार करने में विधायकों को काफी मेहनत करनी पड़ती है। विधायक मेहनत करके प्रस्ताव लाते हैं तो उन्हें हम तुरंत ही स्वीकृति भी दे देते हैं। इन विधायकों को अगली बार भी जिताईए, जिससे कि विकास कार्य रुकने नहीं पाए।
मंच से सीएम के इस संबोधन के बाद विधायकों के चेहरे खुशी से खिल गए। मुख्यमंत्री मझौलीराज में भाटपार रानी और सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र में 305 करोड़ की 80 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करने आए थे। यह इलाका शुरू से ही समाजवादियों का गढ़ रहा है। पहली बार भाटपार रानी सीट से भाजपा के सभाकुंवर विधायक बने तो वहीं लोकसभा चुनाव में सलेमपुर संसदीय सीट पर सपा ने जीत हासिल कर भाजपा को झटका दे दिया था। इस नाते भी मुख्यमंत्री की यह जनसभा महत्वपूर्ण रही।
शायद यही वजह रही कि मझौलीराज की इस सभा में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने अपने सीधे निशाने पर सपा मुखिया अखिलेश यादव को रखा। लगभग 33 मिनट के अपने संबोधन में से 15 मिनट मुख्यमंत्री ने सपा और अखिलेश यादव पर ही बोला।
भाटपार रानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा और सलेमपुर की विधायक व मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने मंच से जिन मुद्दों को उठाया, उस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल प्रतिक्रिया भी दी और अपने संबोधन में सीधे तौर पर कहा कि विधायकों ने जो भी प्रस्ताव दिए हैं उसे मंजूर करके बजट दिलाया जाएगा।
इससे पहले जून में बरांव की जनसभा में भी बरहज के विधायक ने जिन मामलों को उठाया था उस पर सीएम ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया था। मई में देवरिया के भीमपुर की जनसभा में भी मुख्यमंत्री ने विधायकों की तारीफ की थी।
पिछले चुनाव में सभी सात सीटों पर मिली थी जीत
वर्ष 2022 के चुनाव में जिले की सभी सात सीटों देवरिया, रामपुर कारखाना, पथरदेवा, रुद्रपुर, बरहज, सलेमपुर और भाटपार रानी से भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस एकतरफा जीत को पार्टी ने भी महत्व दिया और सरकार बनने पर सूर्यप्रताप शाही और विजयलक्ष्मी गौतम को मंत्री मंडल में जगह मिली। अब पार्टी फिर अगले चुनाव की तैयारी में है। इस सभा में मिली तवज्जो से विधायक आह्लादित हैं।