मासूम बच्ची को लेकर टॉवर पर चढ़ा युवक
पत्नी के रात में कहीं चले जाने पर उठाया कदम
पुलिस ने किसी तरह मान-मनौव्वल कर नीचे उतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना। पत्नी के रात में कहीं चले जाने से नाराज नगर के जलकल वार्ड का रहने वाला एक युवक शनिवार को मासूम बच्ची को लेकर टॉवर पर चढ़ गया। वह जान देने की बात कहने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मान-मनौव्वल के बाद उसे नीचे उतारा। मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए थे।
नगर पंचायत रामपुर कारखाना के ठाकुर मंदिर वार्ड निवासी दिलशाद (25) वाहन चालक है। शुक्रवार को कहीं से वह घर आया। किसी बात को लेकर पत्नी से कहासुनी हो गई। नाराज होकर पत्नी ढाई साल की बच्ची और पति को छोड़कर देर रात कहीं चली गई। पूरी रात तलाश करने के बाद जब वह नहीं मिली तो दिलशाद परेशान हो गया। शनिवार की सुबह वह अपनी बच्ची को पीठ पर बांधकर जलकल के पास बने एक मोबाइल टॉवर के पास पहुंचा और उस पर चढ़ गया। किसी ने इस बात की जानकारी इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह को दे दी। सूचना मिलते ही 12 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ इंस्पेक्टर मोबाइल टॉवर के पास पहुंच गए। पुलिसक र्मी युवक से नीचे आने की मनुहार करने लगे, लेकिन युवक पत्नी को बुलाने की जिद पर अड़ा रहा। थोड़ी देर बाद उसने एक मोबाइल नंबर दिया। पुलिसकर्मियों ने नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नंबर बिजी बताता रहा। इंस्पेक्टर ने पत्नी को एक-डेढ़ घंटे के अंदर पता लगवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद युवक नीचे उतरने को राजी हुआ। युवक के नीचे उतरने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह ने बताया कि युवक की पत्नी की तलाश कराई जा रही है।