बरहज क्षेत्र के लबकनी बासु गांव निवासिनी और 11वीं की छात्रा मनीषा पुत्री रामहरी की शनिवार की भोर में महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। जानकारी होने पर घर में रोना-पिटना मच गया। परिजनों ने थाने पहुंच पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों के अनुसार चार दिन पूर्व पड़ोसी से कहासुनी और मारपीट हो गई थी। जिसमें मनीषा गंभीर रुप से घायल हो गई थी।
लबकनी बासु गांव निवासी रामहरी और रामदवन के परिवार से 11 मार्च की शाम कहासुनी और मारपीट हो गई। परिजनों के अनुसार रामदवन के परिवार का एक शख्स अपनी चाची को रंग लगा रहा था। जिसे देख रामहरी के परिवार के लोगों ने रंग लगाने से मना किया। जिससे विवाद हो गया। मारपीट में घायल मनीषा को बरहज सीएचसी और महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां शनिवार की भोर में उसकी मौत हो गई।
मौत की जानकारी होने पर भाई अभिमन्यु, अक्षय और मनीष का रो-रो कर बुरा हाल था। जबकि पिता रामहरी बदहवास थे। परिजन शव लेकर गांव आ गये। जो थाने पहुंच शव का पोस्टमार्टम कराये। घटना को लेकर लोग हतप्रभ हैं। मनीषा के मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा है। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।