देवरिया। निकायों के वार्डों के आरक्षण का अनंतिम प्रकाशन बुधवार को कर दिया गया। इसके चलते राजनीतिक माहौल गरमा गया है। स्थानीय सरकार का हिस्सा बनने के लिए उपाय खोजे जा रहे हैं। मन मुताबिक आरक्षण के लिए संभावित दावेदारों ने प्रभावशाली नेताओं के दरबार में दस्तक शुरू कर दी है। डीएम दफ्तर में निर्धारित प्रोफॉर्मा पर 17 अक्टूबर तक आपत्ति दाखिल कर सकते हैं।
जिले में 11 निकाय हैं, जिनमें दो नगर पालिका परिषद जबकि नौ टाउन एरिया हैं। इन निकायों में 166 वार्ड हैं। वार्डों के आरक्षण का अनंतिम प्रकाशन होते ही संभावित दावेदार सक्रिय हो गए हैं। इसके चलते कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को गहमागहमी रही। संभावित दावेदार और समर्थक जोड़ घटाव में जुटे हैं। ताकि जीत की पहली बाधा को दूर किया जा सके। सत्ताधारी दल के कद्दावर नेताओं के आवास और दफ्तर में दावेदारों की भीड़ देखी गई। दावेदारों ने नेताओं को आरक्षण के निर्धारण में मानक की अनदेखी बताई। इसके लिए कथित रुप से साक्ष्य दिखाए। कुछ निकायों के वार्डों में मनचाहा आरक्षण नहीं होने पर मायूसी है। किसे सभासद पद का उम्मीदवार बनाया जाए, इसको लेकर मोहल्लों के मठाधीश चिंतित हैं।
मोहल्ले के कुछ चर्चित युवा चेहरों को बरगला रहे हैं कि चुनाव के लिए तैयारी करो। हमारी टीम तुम्हारे साथ है। हालांकि युवा भी सजग और सतर्क हैं। उनके झांसे में आने को तैयार नहीं दिख रहे हैं। दरअसल रनर कंडीडेट सतर्कता के साथ तैयारी कर रहे हैं। जनता के दरवाजे पर दस्तक तो दे रहे हैं, लेकिन मठाधीशों से राय मशविरा तक नहीं कर रहे हैं। इसके चलते यह लोग सबक सिखाने की रणनीति की अमल में जुटे हैं।