संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। खुखुंदू कस्बे में सड़क के दोनों तरफ करीब एक किमी निर्माणाधीन सड़क पर गड्ढा खोदकर उसमें पत्थर डाल छोड़ दिया गया है। नतीजा हल्की बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जा रहा है। इसके चलते रोजाना स्कूली बच्चों समेत दो-चार लोग गिरकर घायल हो रहे हैं।
बावजूद इसके जिम्मेदार चुप्पी साधे हुए हैं। सड़क किनारे गड्ढा होने से वाहनों के आने-जाने में भी दिक्कत हो रही है। खुखुंदू-नूनखार से भटनी तक की 13.2 किमी सड़क का चौड़ीकरण 24.93 करोड़ रुपये में होना है।
इन दिनों कार्य ठप पड़ा है, जबकि निर्माणाधीन सड़क में जितना आरसीसी कराना है बस उतना ही निर्माण कार्य बचा है। उसमें खोदाई कर पत्थर भी डाल दिया गया है, लेकिन ढलाई का कार्य शुरू नहीं हुआ है।
खुखुंदू- नूनखार से भटनी तक सड़क चौड़ीकरण कराने के लिए करीब पांच माह पहले क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया और सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने शिलान्यास किया था। जर्जर हो चुकी इस सड़क के निर्माण के लिए क्षेत्रीय विधायक लंबे समय से प्रयासरत थे। सड़क का निर्माण तेजी से कराया जा रहा था। करीब 12 किमी तक बनकर तैयार भी गई है। खुखुंदू कस्बे से लेकर चौराहे तक की सड़क आरसीसी होनी है और फिर नाला निर्माण कार्य भी होना है। सड़क की ढलाई के लिए दोनों तरफ खुदाई कर पत्थर भी बिछाया जा चुका है, लेकिन निर्माण कार्य ठप पड़ा है।
नतीजा हल्की बारिश होते ही उसमें पानी भर जा रहा है। इससे बाजार में आने-जाने वाले और स्कूली बच्चे गिरकर घायल हो रहे हैं। दो दिन पहले ही ई-रिक्शा चालक गड्ढे में पलट गया। आसपास के लोगों ने उसे गड्ढे से निकलवाया।
कस्बे में भलुअनी ब्लाॅक का सबसे बड़ा जूनियर हाईस्कूल, इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज, डाकघर, तीन बैंक समेत अनगिनत प्राइवेट स्कूल हैं। इसमें आसपास के पचास से अधिक गांवों के 15 से 20 हजार छात्रों का खुखुंदू कस्बे में रोजाना आना-जाना रहता है।