देवरिया। शहर पेड़ा गली स्थित होलसेल कपड़े की दुकान को बृहस्पतिवार की रात चोरों ने निशाना बनाया। चोर नकदी और कपड़े चोरी कर भाग गए। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
विज्ञापन
दुकान के मालिक न्यू कॉलोनी निवासी आनंद कुमार अग्रवाल ने बताया कि रात में दुकान बंद कर वह घर चले गए। शुक्रवार की सुबह जब दुकान पहुंचे तो देखा कि शटर टूटा है और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। काउंटर में नकदी भी नहीं थी। उन्होंने कोतवाली पुलिस को चोरी की सूचना दी। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला, जिसमें कुछ संदिग्ध दुकान में घुसते और सामान समेटते दिखाई दे रहे हैं।
चोरी की वारदात से व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। कोतवाल डीके सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। संवाद