देसही देवरिया। पहाड़पुर गांव में रविवार की सुबह खेलते समय पैर फिसल कर गिरने से ननिहाल में आया मासूम कुर्ना नाले में डूब गया। परिवार वालों के शोर मचाने पर मौके पर जुटे गांव के लोगों ने किसी तरह उसे नाले से निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
गौरी बाजार थाना क्षेत्र के रसौली गांव की सोनी देवी अपने बेटों के साथ करीब 20 दिन पहले महुआडीह थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव के रूइहा टोला में अपने मायके आई थीं। सोनी के भाई राहुल का गांव के बाहर कुर्ना नाले के पास सूअर बाड़ा है।
सुबह करीब आठ बजे सोनी अपने बेटे दिव्यांशु उर्फ अभिजीत (तीन) के साथ सूअर बाड़ा पर गई थी।
इसी बीच खेलते समय दिव्यांशु का पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गया। नाले में जलकुंभी अधिक होने की वजह से उसमें फंस गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे गांव के लोगों ने नाले में बच्चे को खोजना शुरू किया। पानी अधिक होने की वजह से किसी तरह दिव्यांशु को करीब दो घंटे बाद ढूंढ़कर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।