लार। नगर के वैश्यकरनी वार्ड में गोरखपुर से साढू काशीनाथ के घर आए नरेश सोनकर (45) को मुख्य बाजार मार्ग पर शनिवार की देर रात करीब 12 बजे बैक करते समय ट्रक ने रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पास में लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद है। पुलिस फुटेज निकाल ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे की जांच कर रही है। उधर मौत की खबर मिलते ही परिवार वालों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर के मदरहा निवासी नरेश सोनकर शाम को अपने साढू के घर लार आए थे। भोजन के बाद सो गए। कुछ देर बाद गर्मी अधिक महसूस होने की बात कहकर टहलने निकल गए।
देर रात मुख्य मार्ग पर नगर पंचायत गेट के सामने सड़क पर लेट गए। इसी बीच लार बाजार की तरफ से बैक करते हुए लखु मोड़ की तरफ जा रहा ट्रक ने उन्हें पीछे से रौंद दिया।
रास्ते से गुजर रही पीआरवी पुलिस ने सड़क पर खून से सने शव को देख कस्बा चौकी के पुलिसकर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर हादसे की जांच में जुट गई। उधर मौत की खबर मिलते ही गोरखपुर के मदरहा स्थित घर पर चीख-पुकार मच गई।
पत्नी और परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रक बैक करते हुए चपेट में आने से मौत हुई है। ट्रक को कब्जे में लेकर हादसे की जांच की जा रही है। परिवार वालों ने अभी शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।