बरहज (देवरिया)। रुद्रपुर-बरहज विधानसभा क्षेत्र के बरांव में 26 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना है।
सोमवार को डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी अभिजीत आर शंकर ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर मातहतों को जिम्मेदारियां सौंपी। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।
साथ ही, देवरिया-बरहज मार्ग का शिलान्यास भी कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के आने की सूचना से क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर बरांव स्थित खेल मैदान को कार्यक्रम स्थल तय किया है।
खेल मैदान में सुबह अधिकारी पहुंचे तो उन्हें देखकर लोगों की भीड़ जुटने लगी। डीएम और एसपी ने एडिशनल एसपी आनंद प्रकाश पांडेय, एसडीएम बरहज हरिशंकर लाल के अलावा पीडब्ल्यूडी, विकास, राजस्व आदि विभाग के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम को लेकर घंटों रूपरेखा तैयार की।
अधिकारियों ने खेल मैदान के अलावा प्राथमिक विद्यालय, उससे सटे आवास का अवलोकन करने के साथ नेतवार गांव की सीमा के कृषि भूमि का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि करीब 60 हजार वर्ग मीटर जमीन अधिग्रहीत करते हुए हेलीपैड, मंच, जनप्रतिनिधि, वीआईपी, मीडिया काॅर्नर के अलावा पेयजल आदि के काउंटर बनाए जाने की योजना है। मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं। सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम भी किए जा रहे हैं।
इस मौके पर नायब तहसीलदार रवींद्र मौर्य, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन अनिल पाल माैजूद रहे।