तरकुलवा। नगर पंचायत क्षेत्र के जमुनी गांव में लगा 63 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर शुक्रवार की देर शाम अचानक जल गया। ट्रांसफार्मर जलने से गांव के करीब 100 से अधिक परिवारों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है।
पिछले तीन दिनों से बिजली न रहने के कारण ग्रामीणों को भीषण गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दिन में तेज धूप और उमस तथा रात में अंधेरे के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है।ग्रामीणों ने इसकी लिखित सूचना विद्युत उपकेंद्र पर देकर जल्द ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की थी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे गांव के लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकार और विभाग द्वारा दावा किया जाता है कि किसी भी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर जलने पर 24 घंटे के भीतर उसे बदल दिया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। लेकिन जामुनी गांव में यह दावा पूरी तरह बेअसर साबित हो रहा है।
बिजली आपूर्ति ठप होने से घरों में पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है। मोबाइल चार्जिंग, पंखे-कूलर बंद होने और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगवाकर बिजली बहाल करने की मांग की है। इस दौरान ग्राम प्रधान दिलीप मद्धेशिया, राज कपूर, रामकिशन, महावीर, मुन्ना सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।