सलेमपुर। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत डुमवलिया के राजस्व गांव किशुन महुअवा में 24.78 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कराया जाएगा।
बृहस्पतिवार को एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने राजस्व टीम के साथ पहुंचकर पैमाइश कराई और जगह चिन्हित कर पिलर लगाई। राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम कि पहल पर शासन ने जनपद को मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय निर्माण की स्वीकृति मिल गई है, इसके लिए 24.78 करोड़ रुपये धन आवंटित कर दिया गया है।
विज्ञापन
शासन के उप सचिव की ओर से जारी शासनादेश के तहत महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक को संबोधित पत्र में देवरिया जनपद के लिए कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज को प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विद्यालय का निर्माण तहसील सलेमपुर के ग्राम पंचायत डुमवलिया के राजस्व ग्राम किशुन महुअवा में 5.18 एकड़ भूमि पर किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने नायब तहसीलदार गोपाल जी और राजस्व कर्मी के साथ ग्राम पंचायत डुमवलिया के राजस्व ग्राम किशुन महुअवा पहुंचकर पैमाइश कराईं और चिन्हांकन कर दिया। एसडीएम ने बताया कि विद्यालय प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा-12 तक संचालित होगा। इसमें विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकी के माध्य से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।