- व्रती महिलाओं के घर के युवक-युवतियों ने घाट पर तैयार की वेदी
- नगर पालिका प्रशासन सफाई व व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा
-
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। चार दिवसीय छठ महापर्व शनिवार को नहाय खाय के साथ शुरू हो जाएगा है। इसकी तैयारी में लोग जुट गए हैं। शुक्रवार को व्रती महिलाओं के परिजन छठ घाटों पर वेदियों को रंग रोगन कर अंतिम रूप देने में लगे रहे। वहीं जिला प्रशासन भी छठ घाटों पर व्यवस्था बनाए रखने केे लिए चौकस है।
शहर में छठ पूजा को लेकर उत्साह है। नगर पालिका परिषद ने शहर के सभी 33 वार्डों में 30 पोखरों को छठ घाट के रूप में विकसित किया है। इन पोखरों पर साफ-सफाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। आसपास की व्रती महिलाओं ने छठ घाटों पर अपनी जगह सुरक्षित कर ली है। घरों के युवक व युवतियों ने छठ घाटों पर वेदियां तैयार कर रंग-रोगन कर रहेे हैं।
शुक्रवार की शाम तक युवाओं ने वेदी तैयार की। शहर के मनोकामनापूर्ण हनुमान मंदिर पोखरा पर सबसे अधिक संख्या में व्रती महिलाएं जुटती हैं। इसके चारों ओर बड़ी जगह होने से छठ की वेदियां भी अधिक संख्या में बनती हैं। इसके अलावा परमार्थी पोखरा, हाथी कुंड पोखरा, लच्छीराम पोखरा कसया रोड, पुलिस लाइंस मंदिर पोखरा, हाईडिल काॅलोनी पोखरा समेत शहर के विस्तारित क्षेत्र को मिलाकर 30 पोखरों पर छठ पूजा की व्यवस्था की गई है।
..
नगर पालिका प्रशासन ने कर्मियों की लगाई ड्यूटी
नगर पालिका परिषद ने प्रत्येक पोखरे पर दो-दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। इसमें कई जगह नियमित के साथ आउटसोर्सिंग कर्मचारी तैनात किए गए हैं। वहीं सफाई निरीक्षक लगातार इन पोखरों पर सफाई व अन्य व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
..
बाजार में छठ के सामानों के लगे स्टॉल
..
बाजार में छठ के सामानों के स्टाल सज गए हैं। शहर में नारियल 50 रुपये प्रति नग, गंंजी 50 रुपये किलो, सूथनी सौ रुपये किलो, अनानास 50 रुपये प्रति नग, शरीफा 25 रुपये प्रति नग मिल रहा है। नींबू 50 रुपये प्रति नग, पपीता 40 रुपये किलो, अनार 140 रुपये किलो, कीवी 100 रुपये प्रति पांच नग, नाशपाती 40 रुपये में एक पाव, सेब और मूंगफली सौ रुपये किलो, आम तीन सौ रुपये किलो और अदरक 10 रुपये पीस, हल्दी 10 प्रति पीस बिक रहा है। मोतीलाल रोड में स्टाल लगाए गोरख मद्देशिया ने बताया कि इस साल बाजार अच्छा है। अभी भीड़ नहीं है, पर कल से ग्राहकों की संख्या बढ़ जाएगी।