इस बीच इन 13 युवकों को पता चला कि इससे पहले 17 नवंबर को भी आकाश ने 18 युवकों को ओमान भेजने का झांसा देकर वीजा और जहाज का टिकट दिया था। दो दिन किसी परिचित के यहां रखने के बाद सभी युवकों को एयरपोर्ट भेज दिया। युवक जब मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे तो जांच के दौरान जहाज का टिकट और वीजा फर्जी निकला। इसके बाद युवक आकाश को फोन करने लगे। लेकिन उसका मोबाइल स्विच ऑफ था।
पहले हुई ठगी की जानकारी होने पर ये 13 युवक भी जालसाज से संपर्क करने की कोशिश करने लगे। संपर्क नहीं होने पर एक सप्ताह पूर्व सभी जालसाज के घर पहुंचे, लेकिन उससे मुलाकात नहीं हुई। घर वालों से पूछताछ पर विवाद हो गया। ठगी के शिकार हुए पुनीत यादव की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने अखिलेश उर्फ आकाश सिंह, पिता सुमंत सिंह और बहन पर धोखाधड़ी मारपीट का केस दर्ज किया है।
सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने कहा कि विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले जालसाज पर केस दर्ज किया गया है। ऐसे मामले आने पर जांच कर कार्रवाई होती है। लेकिन लोगों को भी सावधान रहने की जरूरत है। अपनी पूंजी गंवाने के बाद लोग पुलिस का चक्कर लगाते हें। पहले चेतते तो यह नौबत नहीं आती।
कमिशन का लालच देकर बढ़ाया ठगी का नेटवर्क
ठगी के शिकार हुए पुनीत यादव समेत तीन युवकों ने मोबाइल पर हुई बातचीत के दौरान बताया कि अखिलेश उर्फ आकाश सिंह ने शुरू में कुछ युवकों भेजा था। इसके बाद वह जालसाजी करने लगा। कुछ युवकों को पांच हजार रुपये कमिशन देने की लालच देकर उनके माध्यम से महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, आजमगढ़ जिले के युवकों को विदेश भेजने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया।
मुंबई में पासपोर्ट जमा करने के दौरान आफिस भी दिखाया था। जालसाज के गायब होने के बाद मुंबई गए तो पता चला कि वह आफिस दूसरे का है। अखिलेश वहां पर एजेंट के रूप में कार्य करता था। कर्ज लेकर और जमीन बंधक रख विदेश जाने के लिए हम लोग रुपये उसे दिए थे, ठगी के शिकार हुए युवकों ने बताया कि हम लोगों के अलावा करीब 93 और लोगों से विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी की गई है।
केस एक
विदेश भेजने के लिए वाराणसी में ऑफिस खोलकर जालसाज ने देवरिया के करीब 100 से अधिक बेरोजगारों से 70 हजार से एक लाख रुपये वसूला और फर्जी वीजा थमा दिया था। जालसाज सुजीत को ठगी के शिकार हुए युवकों ने दिल्ली में पकड़ लिया और वाराणसी उसके ऑफिस पर लेकर पहुंचे। 23 अगस्त 2023 को युवक देवरिया एसपी से मिलकर शिकायत की। जिस पर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज किया था।
केस दो
30 मार्च 2023 को तुर्की और ओमान भेजने के लिए 50 से अधिक युवाओं से ठगी का मामला सामने आया था। ठगी के शिकार हुए युवकों ने जिले के एक जालसाज पर विदेश भेजने के नाम पर करीब 30 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए सदर कोतवाली में प्रदर्शन किए थे। पुलिस इस मामले में जांच कर जालसाज पर केस दर्ज किया था।