देवरिया। तबादले से नाराज होकर सामूहिक इस्तीफा देने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी आखिरकार काम पर लौट आए हैं।
सीडीओ राजेश कुमार सिंह की मध्यस्थता के बाद मंगलवार को अधिकांश चिकित्साधिकारियों ने अपने नए तैनाती स्थलों पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा हाल ही में कई सीएचसी और पीएचसी के अधीक्षकों का स्थानांतरण किया गया था।
इसके तहत सीएचसी रुद्रपुर के अधीक्षक डॉ. सतेंद्र कुमार राय को सीएचसी सलेमपुर, सीएचसी सलेमपुर के अधीक्षक डॉ. अतुल कुमार को सीएचसी लार, सीएचसी लार के अधीक्षक डॉ. बृजवासी सिंह को सीएचसी रुद्रपुर तथा सीएचसी गौरीबाजार के अधीक्षक डॉ. ब्रह्मानंद गिरी को सीएचसी तरकुलवा भेजा गया था।
वहीं सीएचसी तरकुलवा के अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार जैन, पीएचसी भाटपाररानी के अधीक्षक डॉ. इमाम हुसैन सिद्दीकी को पीएचसी महेन तथा सीएचसी जसूयी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओम प्रकाश को पीएचसी भाटपाररानी का प्रभारी चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया था।
स्थानांतरण आदेशों से असंतुष्ट चिकित्साधिकारियों ने शनिवार की देर शाम सीएमओ के आवास पर पहुंचकर पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सामूहिक इस्तीफा दे दिया था।
मामले के तूल पकड़ने के बाद सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को हस्तक्षेप किया और चिकित्साधिकारियों से वार्ता की। इसके बाद बनी सहमति के चलते मंगलवार को अधिकांश अधिकारियों ने अपने नए तैनाती स्थलों पर पहुंचकर कार्यभार संभाल लिया।
इससे स्वास्थ्य विभाग को बड़ी राहत मिली है और संबंधित केंद्रों पर स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होने लगी हैं।