रामपुर कारखाना। थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में रविवार की रात बर्थडे पार्टी के दौरान कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और एक युवक ने दोस्त के भाई पर चाकू से हमला कर दिया। बड़े भाई को बचाने के प्रयास में छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, गांव में कुछ युवक अपने एक दोस्त का जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने गांव निवासी मंगेश के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर दोनों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।
सूचना मिलने पर मंगेश का छोटा भाई सर्वेश मौके पर पहुंचा और विवाद शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी युवक ने पास रखा चाकू निकालकर सर्वेश पर हमला कर दिया, जिससे उसके कमर, पैर और हाथ में चोटें आईं। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए गांव के दो अन्य युवक भी हमले में घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह सर्वेश को बचाया। इसके बाद परिजन घायल को लेकर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी।
हालांकि देर रात गांव के दर्जनों लोगों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों में सुलह-समझौता हो गया। थानाध्यक्ष अश्वनी प्रधान ने बताया कि शराब के नशे में कुछ युवकों के बीच मारपीट हुई थी, बाद में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया।