रुद्रपुर में बसपा प्रत्याशी की चार गाड़ियों का चालान
रुद्रपुर। रविवार को पुलिस ने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी की चार गाड़ियों का चालान कर दिया। उन पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन और कोविड प्रोटोकॉल की अवहेलना का आरोप है।
एसडीएम संजीव कुमार उपाध्याय के निर्देश पर उड़न दस्ता मजिस्ट्रेट नवनीत चौबे और प्रभात राय की टीम ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर बसपा प्रत्याशी की गाड़ियों को घेर लिया। पुलिस और मजिस्ट्रेट को देखते ही काफिले में पार्टी का झंडा लगाकर चल रही गाड़ियां भागने लगीं। पुलिस ने चार गाड़ियों की तलाशी ली। इसमें एक प्रत्याशी की गाड़ी थी। एक गाड़ी में सपा और बसपा दोनों दलों का झंडा मिला। शनिवार को बसपा ने प्रताप तिवारी अंकित की जगह मनीष पांडेय को प्रत्याशी घोषित कर दिया। मनीष पांडेय बांसगांव विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। रुद्रपुर से बसपा उम्मीदवार बनने पर बसपा कार्यकर्ताओं ने दुग्धेश्वरनाथ मंदिर पर उनका स्वागत किया। इस दौरान भीड़ जुटने और काफिले में शामिल चार पहिया गाड़ियों से रास्ता जाम हो गया। कोतवाल जितेंद्र सिंह ने कहा कि बसपा प्रत्याशी की चार गाड़ियों का चालान किया गया है। कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, रामभुअन, उमेश चौहान, गोकुलेश सहित महिला पुलिस कर्मचारी मौजूद रही।