बनकटा थाना क्षेत्र के अहिरौली बघेल दक्षिण पट्टी गांव निवासी है पीड़ित
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। बनकटा थाना क्षेत्र के भैंसही गांव स्थित पंचायत भवन के पास बाजार से लौट रहे युवक को बाइक सवार बदमाशों ने मारापीटा। साथ ही उसकी सोने की चेन छीन कर फरार हो गए।
अहिरौली बघेल दक्षिण पट्टी गांव के राकेश पटेल रविवार को बनकटा बाजार करने गए थे। रात में करीब आठ बजे घर लौट रहे थे। वह भैंसही गांव के पंचायत भवन के पास रुक कर मोबाइल पर एसएमएस आने पर देखने लगे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार बदमाशों ने रोककर मारपीट कर घायल कर दिया और सोने की चेन लेकर भाग गए।
राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटा में भर्ती कराया। हालांकि, अभी मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिली है, लेकिन घटना के बाद पुलिस कई युवकों से पूछताछ कर रही है।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी शिव प्रताप सिंह ने बताया कि शराब के नशे में मारपीट हुई है। चेन छीनने की बात निराधार है। मारपीट हुई है। इसका मुकदमा लिखा जाएगा। पुलिस बदमाशों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।