लार रोड। जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत लार ब्लॉक में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार को पूरा हो गया। सहजौर स्थित डिग्री कॉलेज में पहले बैच के 315 प्रतिभागियों ने मॉक सर्वे के जरिए जनगणना की प्रक्रिया का अभ्यास किया।
अंतिम दिन प्रशिक्षुओं को घर-घर जाकर जानकारी जुटाने और पीई एप के माध्यम से आंकड़े दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। डॉ. गोविंद मिश्रा, रमेश तिवारी, शिशिर राय, अरविंद कश्यप और सुनील भाटिया समेत 14 फील्ड ट्रेनर ने जनगणना के दिशा-निर्देशों, आंकड़ों के संकलन और निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी दी।
तहसील स्तर पर कुल 1220 प्रगणकों और सुपरवाइजरों को चार बैच में प्रशिक्षण दिया जाना है। तहसीलदार सुशील कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी रामप्यारे राम और अमित कुमार सिंह ने प्रशिक्षण का जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रक्रिया को गंभीरता से समझने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। प्रशिक्षण में सभी प्रगणक, सुपरवाइजर और फील्ड ट्रेनर मौजूद रहे।
-
नाम से रोजगार तक जुटाई जाएंगी जानकारियां
जनगणना में कई बिंदुओं पर होगा विवरण संकलन। जनगणना के दौरान लोगों के नाम, आयु, लिंग, शिक्षा, धर्म, जाति, दिव्यांगता और वैवाहिक स्थिति से जुड़ी जानकारियां दर्ज की जाएंगी। इसके अलावा रोजगार, व्यवसाय और प्रवास से संबंधित विवरण भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जुटाए जाएंगे।