मुख्य विकास अधिकारी ने विकास भवन में उद्योग बंधु के साथ बैठक किया।
- फोटो : DEORIA
उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए कार्य करें
उद्यमियों के साथ हुई बैठक में अफसरों को सीडीओ ने दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। विकास भवन गांधी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी शिव शरणप्पा जीएन ने उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए जनपद में उद्योग को बढ़ावा देने का माहौल विकसित करने का कार्य सभी संबंधित अधिकारियों को सुनिश्चित करने के लिए कहा। उन्होंने लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।
उन्होंने बैंकों को उद्यमियों की समस्याओं के समाधान तथा ऋण पत्रावलियों को शीघ्रता के साथ निस्तारित किए जाने के निर्देश दिए। कहा कि बैंक पोषित सभी योजनाओं का लाभ उद्यमियों सहित सभी को प्राथमिकता के साथ अग्रणी बैंक प्रबंधक उपलब्ध कराएं। इसके लिए उद्यमियों के साथ बैंकों की एक आवश्यक मीटिंग एक जुलाई को किए जाने की तिथि निर्धारित की गई। बैठक के दौरान औद्योगिक आस्थान देवरिया में जल निकासी उसरा बाजार औद्योगिक आस्थान में सड़क निर्माण आदि के समस्याओं को लाया गया, जिसके समाधान कराए जाने के निर्देश दिए गए। ऊसरा बाजार के औद्योगिक आस्थान में बैंक शाखा व पुलिस चौकी खोले जाने की बात रखी गई। बैंक शाखा के संबंध में सांसद द्वारा वित्त मंत्रालय को पत्र भेजे जाने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक शिष्यपाल सिंह, उपायुक्त उद्योग के के अमर, अग्निशमन अधिकारी एसएस राय, जिला विद्यालय निरीक्षक शिवचंद्र राम, एसडीओ एनके सिंह, शक्ति कुमार गुप्ता, जेपी जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि एवं पूर्व विधायक रविंद्र प्रताप मल्ल आदि मौजूद रहे।