फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिजली गिरने से 11 की मौत, 17 घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
बिजली गिरने से 11 की मौत, 16 घायल
विज्ञापन

जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाएं, कुशीनगर और महराजगंज में भी एक-एक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। मूसलाधार बारिश के बीच बिजली गिरने से जिले के अलग-अलग स्थानों पर नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि 16 लोग घायल हो गए। कलेक्ट्रेट में बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई। एसडीएम कार्यालय सहित कई कंप्यूटर जलकर नष्ट हो गए। आवाज इतनी तेज थी कि अधिवक्ता किसी अनहोनी की घटना भांपकर सहम गए। दो पशुओं की भी जान गई है।
बारिश में बिजली ने कहर बरपाया। बादलों का रौद्र रूप देखकर लोग सहम गए। बढ़या हरदो, खुदिया पाठक, अमृतकुंडा, खोरीबारी, सिरसिया बाबू, हाटा में एक-एक और अंडिला में दो की मौत हो गई। जबकि अलग-अलग स्थानों पर दो पशु भी झुलसकर मर गए। 16 से अधिक लोगों को बिजली गिरने से झुलस जाने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शाम चार बजे के करीब अचानक तेज आवाज के साथ बिजली कलेक्ट्रेट में एसडीएम कार्यालय पर गिरी। बिजली गिरने से शार्ट सर्किट हो गया। इससे बिजली के उपकरण और कंप्यूटर जल गए। एसडीएम सदर दिनेश मिश्र ने बताया कि बिजली गिरने से शार्ट सर्किट हो गया था। इससे काफी नुकसान हुआ है।
विज्ञापन

बरहज प्रतिनिधि के अनुसार बिजली की जद में आने से बढ़या हरदो निवासी राणा प्रताप यादव का इकलौता पुत्र अमन (17), खुदिया पाठक के पंचदेव गोंड़ (55), धौला पंडित के सूरत राजभर (65), भलुअनी थाना क्षेत्र के टेकनपुरा-अमृतकुंडा के सुदर्शन प्रसाद (58) की मौत हो गई। अमन के साथ खेत में गईं उसकी बड़ी बहनें गीता, पिंकी, कपरवार के कुवाइच टोला की जमीला खातून पत्नी इकबाल, भानू बरवां के रामसरीखा यादव, अमृतकुंडा के उमेश झुलस गए। जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर बरहज अनिल कुमार पांडेय और थानाध्यक्ष भलुअनी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शवों का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सोनूघाट कार्यालय के अनुसार बिजली गिरने से भलुअनी थानाक्षेत्र के हाटा खास गांव निवासी सहारा सिंह (48) की मौत हो गई। जबकि उनके साथ खेत गए गांव निवासी होमगार्ड सुरेंद्र सिंह (50) झुलस गए। उनका उपचार चल रहा है। हाटा खास गांव निवासी सहारा सिंह और सुरेंद्र सिंह बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े सात बजे खेत देखने गए थे। अभी दोनों लोग खेत तक पहुंचने वाले थे कि बिजली की चपेट में आ गए। दोनों को खेत में गिरे देखकर कुछ लोग चिल्लाने लगे। यह सुनकर गांव के लोग पहुंचे और आनन-फानन दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाए। वहां डॉक्टरों ने सहारा सिंह को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही पत्नी आशा सिंह, बेटियां नेहा (20) और स्वाति (17) का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आशा सिंह रोते हुए बस यही कह रही हैं कि इन बच्चियों के हाथ पीले करने के सपने कौन पूरा करेगा। बड़ी बेटी नेहा पटना में रहकर तैयारी करती है और छोटी स्वाति इंटर में पढ़ती है। पोस्टमार्टम के बाद पहुंचे शव से लिपटकर सभी रो रहे थे।
भटनी प्रतिनिधि के अनुसार खोरीबारी गांव में बृहस्पतिवार की सुबह बिजली गिरने से गांव निवासी जयंत भूषण वर्मा की बेटी सिद्धि (7) झुलस गई। बारिश आने पर छत से खिलौने ले आने गई। इसी बीच बिजली गिरने से झुलस गई। शोर सुनकर पहुंचे परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होने घर में चीख-पुकार मच गई। वहीं, बरसात गांव में सुरेश यादव की भैंस दरवाजे पर बंधी थी। बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई।
सलेमपुर प्रतिनिधि के अनुसार बिजली गिरने से दो युवतियां बृहस्पतिवार को झुलस गईं। परिवार के लोगों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। जहां उनका उपचार हुआ। कोतवाली क्षेत्र के परान छपरा गांव के पृथ्वी गोंड की पुत्री नीतू (18) घर में सुबह खाना बना रही थी। इसी बीच घर के बगल में तरकूल के पेड़ पर बिजली गिर पड़ी। इससे चपेट में आने से वह झुलस गई। वहीं, जिगनी गांव की किरन कुशवाहा (25) बिजली से झुलस गई। परिवार के लोगों ने उसका सीएचसी में उपचार कराया।
रुद्रपुर प्रतिनिधि के अनुसार सुबह तेज बारिश और कड़क के साथ इमिलिहा गांव में राजेंद्र यादव के दरवाजे पर बिजली गिरने से उनकी गाय मर गई। उसी गांव की आरती देवी बुरी तरह झुलस गईं। वह खेत में काम करने गईं थीं। घायलावस्था में उन्हें सीएचसी लाया गया। अस्पताल बंद होने से परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
मईल कार्यालय के अनुसार थानाक्षेत्र के अंडिला गांव में धान की रोपाई करते समय बृहस्पतिवार को बिजली गिरने से दो किशोरियां व एक युवती झुलस गई। इसमें दो की जिला चिकित्सालय ले जाते समय मौत हो गई। मौत के बाद गांव में कोहराम मच गया। अंडिला गांव के उत्तर तरफ खेत में धान की रोपाई हो रही थी। दोपहर एक बजे बिजली गिरने से श्रीराम की पुत्री गुंजा (20) रमाकांत की पुत्री सोनी (15) उजाला (15) झुलस गईं। गुजां व सोनी की मौत इलाज के लिए देवरिया लेकर जाते समय हो गई। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिवारवालों शव को गांव लाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, उजाला का इलाज चल रहा है। इस बाबत एसआई आनंद शंकर सिंह ने बताया कि दोनों बालिकाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
भाटपारानी कार्यालय के अनुसार सिरिसिया बाबू गांव निवासी रामवृक्ष यादव के 30 वर्षीय बेटे संजय यादव अपने खेत में धान की रोपाई करा रहे थे। खेत के एक किनारे की मेड़ ठीक कर रहे थे। उसी दौरान तेज चमक के साथ बिजली गिरी और वह गंभीर रूप से झुलस कर बेहोश हो गए। परिवारवाले उन्हें लेकर भाटपारानी पीएचसी पहुंचे। यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सिरजावती देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। संजय यादव तीन भाइयों में बड़े थे। उनके दो बेटे हैं। थानाध्यक्ष खामपार सुदेश शर्मा ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
खेत में बिजली गिरने से पिता-पुत्र समेत चार झुलसे
रामपुर कारखाना। खेत में बिजली गिरने से पिता-पुत्र समेत दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। बृहस्पतिवार की शाम रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के सारंगपुर गांव निवासी रवींद्र पांडेय धान की रोपाई करा रहे थे। उनके साथ उनका पुत्र आनंद पांडेय (19) भी था। रोपाई के दौरान ही बिजली खेत में गिर पड़ी। इसकी चपेट में आने से खेत मालिक पिता-पुत्र और दो महिला मजदूर गंभीर रूप से झुलस गईं। जबकि अन्य मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई। गांववालों के शोर मचाने पर परिवारवाले खेत में पहुंचे और चारों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर जयंत सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। सभी का उपचार चल रहा है।
बिजली गिरने से दो झुलसे
बंजरिया बाजार। तरकुलवा थानाक्षेत्र के दो लोग बृहस्पतिवार की सुबह बिजली गिरने से गंभीर रूप से झुलस गए। नरायनपुर गांव निवासी महेश राजभर (35) और रामअशीष चौहान (60) सुबह शौच के लिए गांव के बाहर खेत की ओर गए थे। उसी दौरान बारिश शुरू हो गई। तेज गरज के साथ बिजली गिर गई। इससे दोनों झुलस गए। गांववालों के सहयोग से दोनों को सीएचसी तरकुलवा पहुंचाया गया। दोनों का उपचार चल रहा है।
खेत देखने गए युवक पर गिरी बिजली, मौत
तमकुहीरोड(कुशीनगर)। सेवरही थाना क्षेत्र के परसा उर्फ सिरसिया गांव में बृहस्पतिवार सुबह बिजली गिरने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परसा उर्फ सिरसिया गांव के गया मिश्र टोला निवासी सरल गुप्ता का 25 वर्षीय पुत्र लक्षन बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे खेत देखने गया था। उस समय बारिश हो रही थी। तभी लक्षन के ऊपर बिजली गिरी और उसकी मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, युवक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी चार बहनें भी हैं। घटना के बाद वहां भीड़ जुट गई। पुलिस व राजस्व विभाग को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पिपराघाट पुलिस चौकी के इंचार्ज शीतला प्रसाद सिंह, हल्का लेखपाल जयंत गुप्ता, ग्राम प्रधान रामायन पटेल, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष शर्मा यादव, कांस्टेबल नागेंद्र सिंह व आदित्य राजभर की मौजूदगी में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हलका लेखपाल का कहना है कि उन्होंने इसकी रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है।
विज्ञापन

बिजली गिरने से एक की मौत, दूसरा गंभीर
महराजगंज। तेज बारिश के साथ बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि एक अन्य झुलस गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्रामसभा करमहा टोला मंगलपुर में बृहस्पतिवार को दिनेश (35) व मुकेश धान की बेहन उखाड़ रहे थे। सुबह 11 बजे बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें