देवरिया। जिले के निर्धारित 12 केंद्रों पर शनिवार से सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ हुई। पहले दिन 10 वीं में अंग्रेजी विषय का प्रश्न पत्र था, इसमें कुल 7309 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। हर केंद्रों पर पंजीकृत परीक्षार्थियों के सापेक्ष अनुपस्थित की संख्या कम रही। पूरी जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों के चलते दोपहर में सोनूघाट के पास देवरिया-सलेमपुर फोरलेन मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
शनिवार से प्रारंभ होकर एक अप्रैल तक चलने वाली सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा को लेकर निर्धारित 12 केंद्रों पर व्यापक तैयारियां की गई थीं। इस बार जनपद स्तर पर सरस्वती विद्या मंदिर, सेंट्रल एकेडमी परसिया मिस्कारी, देवरिया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नेशनल पब्लिक स्कूल, पीडी एकेडमी, नवजीवन मिशन स्कूल, गुरुकुल मिशन मिशन, सेंट पाल पब्लिक स्कूल सलेमपुर, सेंट जेवियर्स स्कूल सलेमपुर, सेंट जोसेफ जूनियर हाईस्कूल भाटपाररानी, केंद्रीय विद्यालय चेरो, एसबीटी पब्लिक स्कूल विशुनपुरा बखरा को केंद्र बनाया गया है। इस बार 10 वीं 7309 और 12 वीं 5278 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। प्रथम दिन की परीक्षा के लिए विभिन्न विद्यालयों के आसपास कोतवाली पुलिस मुस्तैद रही।