बरहज। गोरखपुर जनपद से सटे पुलिस चौकी कपरवार के पास तस्कर सरयू नदी के रास्ते पशुओं को बॉर्डर पार करा देते हैं। दो साल में इस इलाके में पशु तस्करी के चार मामले पकड़े गए हैं, जिनमें एक स्थानीय तस्कर भी शामिल रहा है।
लोगों के अनुसार पुलिस पिकेट पर चौकसी बढ़ने पर तस्कर उग्रसेन सेतु से सटे गोरखपुर जनपद के पटना पुलिस चौकी के कुछ दूर आगे से नदी के रास्ते गोवंशों को भागलपुर तक ले जाते हैं। वहां से गोवंशों को वाहन से बिहार भेजते हैं। पिछले साल मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गोवंशों के साथ नदुआं निवासी विक्रम प्रसाद को, जबकि इस साल सरायमीर के विश्वजीत सिंह चौहान, रामपुर के खौदपुर के अफसार और मुरादाबाद के गौसे आजम को गोवंशों के साथ गिरफ्तार किया था। चर्चा है कि भोर में नदी के रास्ते गोवंशों को बॉर्डर पार कराया जाता है।
सीओ राजेश चतुर्वेदी ने बताया कि रामजानकी मार्ग स्थित अंतरजनपदीय सीमा उग्रसेन सेतु के दोनों तरफ पुलिस पिकेट स्थापित है। पिकेट पर निगरानी बढ़ने से पशु तस्करी की घटनाओं में कमी आई है।