संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। देसही देवरिया स्थानीय चौराहा पर रविवार की रात धार्मिक पोस्टर फाड़ने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। मंगलवार को भी पुलिस ने मामले की जांच की। आरोपियों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से बात की गई।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के देसही देवरिया चौराहा पर दशहरा और नवरात्र के अवसर पर धार्मिक पोस्टर और झंडा लगा है। रविवार की रात को एक पोस्टर फट गया था। इस बात की जानकारी होते ही मौके पर जुटी भीड़ ने पोस्टर फाड़ने का आरोप लगाया। इससे लोगों में नाराजगी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस से लोगों ने आरोपियों की पहचान कर उन पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने नया पोस्टर लगवाया। लोगों को समझा- बुझाकर मामला शांत कराया। मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर उनकी पहचान तेज कर दी।
एसओ नंदा प्रसाद ने कहा कि मामले में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की इजाजत किसी को भी नहीं दी जा सकती।