संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 में जलनिकासी के लिए नाला निर्माण के लिए खोदाई करा रहे फर्म के कर्मचारी को मारपीट कर जेब से दो हजार रुपये छीन लिए गए और जानमाल की धमकी दी गई। इस मामले में पुलिस सात नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ दलित उत्पीड़न, लूट, बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
सीतापुर जनपद के मिश्रित थाना क्षेत्र के गजोधरपुर गांव के रहने वाले नीरज कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। कहा है कि वह फर्म नीरज कंस्ट्रक्शन बालियां के कर्मचारी हैं। उनके फर्म द्वारा नगर पंचायत तरकुलवा के वार्ड नंबर 12 में अयूब मास्टर के मकान से मुस्तकीम का मकान होते हुए पिच सड़क तक नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। आरोप है कि 24 मई को रात्रि आठ बजे के करीब जेसीबी मशीन से नाले की खोदाई कराई जा रही थी। इस बीच कुछ गोलबंद लोग वहां पहुंच गए तथा उनका नाम और जाति पूछने के बाद जातिसूचक शब्दों का प्रयोग व गाली देने लगे। वे लोग धक्का-मुक्की करते हुए जेब से दो हजार रुपये छीन लिए। विरोध करने पर जानमाल की धमकी दी और हाथ-पैर तोड़ देने की बात कहने लगे।
इस मामले में पुलिस ने थाना क्षेत्र के तरकुलवा निवासी मुन्ना, शमशेर आलम, श्रीराम, बबलू, लड्डू, वैश, टाइपिंग व अन्य पांच अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। सीओ संजय रेड्डी ने बताया कि सात नामजद समेत बारह के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।