- खुखुंदू थाना क्षेत्र के जमुना छापर गांव में विवाहिता से की गई मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के जमुना छापर गांव में सोमवार को ससुराल आते ही एक विवाहिता की पति, सास, जेठ और ननद ने पिटाई कर दी। विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को सभी के खिलाफ मारपीट और दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
आरोप है कि भाई बहन को ससुराल छोड़ अभी कुछ दूर ही पहुंचा था, तब-तक उसकी बहन ने मारपीट की सूचना देकर वापस बुला लिया। मौके पर पहुंचने पर भाई से विवाहिता को मिलने नहीं दिया गया। मदनपुर थाना क्षेत्र के सेहुणा गांव निवासी प्रभुनाथ यादव वर्ष 2018 में बेटी पूनम की शादी खुखुंदू थाना क्षेत्र के जमुना छापर गांव निवासी महेश यादव से की। शादी के बाद से ही पति, सास, ननद और जेठ विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। ससुराल वाले दहेज के रूप में और चार लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
इससे तंग आकर पूनम देवी मायके चली गई। हालांकि पति महेश यादव सोमवार को फिर से ऐसी गलती नहीं होगी। कहकर बुला लिया। पूनम को भाई बसंत यादव जैसे ससुराल छोड़कर कुछ दूर पहुंचा, तब-तक पूनम ने मारपीट की सूचना दे दी। पूनम की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को पति महेश यादव, सास, जेठ रमेश यादव और ननद शालू कुमारी के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि विवाहिता की डाक्टरी कराकर केस दर्ज किया गया है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर उसके पति समेत चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।