फर्जी कागजात तैयार कर कई वर्षाें से बच्चों की छात्रवृत्ति गबन करने के मामले में रामपुर कारखाना पुलिस ने प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ धोखाधाड़ी और अमानत में खयानत का केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रामपुर कारखाना के सवरेजी रूप गांव निवासी शेख फारूख ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट समक्ष प्रस्तुत प्रार्थना पत्र में कहा कि मौजा सवरेजी रूप में स्थित आदर्श जनता रणजीत सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नामक शिक्षण संस्थान है। बेलवा निवासी विक्रम यादव प्रबंधक और सवरेजी रूप के अब्दुल जब्बार प्रधानाचार्य हैं। उक्त शिक्षण संस्थान में बगैर मान्यता के आठ तक शिक्षा दी जाती है।
सूचना अधिकार के तहत कई बार सूचना मांगी गई लेकिन टाल मटोल की गई। इसी बीच जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी से जानकारी हासिल हुई कि उक्त विद्यालय के नाम से 2004-05 में कक्षा छह से आठ तक के 122 छात्रों हेतु 58560 रुपये और अगले सत्र में 93 छात्रों से 44640 रुपये छात्रवृत्ति के नाम पर बेइमानी से प्राप्त कर लिया और पूरा पैसा गबन कर लिया। थाने में सूचना दी। पुलिस ने पूछताछ की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। एसपी ने भी मामले से जांच कराई। प्रार्थना पत्र के आधार पर कोर्ट ने रामपुर कारखाना पुलिस को केस दर्ज कर मामले की जांच करने का आदेश दिया।