देवरिया। बिजली विभाग ने रामनाथ देवरिया क्षेत्र में मेगा ड्राइव अभियान चलाया। इसमें बिजली चोरी के आरोप में छह लोगों पर एफआईआर एवं 85 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। अभियान में डिस्कोम से आए अधिशासी अभियंता अंकुर अग्रवाल, राकेश वर्मा अधिशासी अभियंता देवरिया समेत एसडीओ प्रत्युष बल्लभ चंद्रभूषण, प्रभात मद्धेशिया, जेई कार्तिक वर्मा, शशिकांत गुप्ता, सुनील प्रजापति अमर प्रसाद शशांक चौबे, विजिलेंस टीम व करीब 45 कर्मचारी रहे। करीब 3.5 लाख की हुबकाया वसूली की गई। बिजली विभाग के अभियान से बिजली चोरों में हड़कंप रहा।
प्रबंध निदेशक पूर्वांचल निगम के निर्देश पर ज्यादा बिजली चोरी वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर रामनाथ देवरिया क्षेत्र में नाथनगर उपकेंद्र से पोषित उमा नगर हाईलोस फीडर पर बिजली विभाग ने मेगा ड्राइव अभियान चलाया। बिजली विभाग के एक्सईएन के नेतृत्व में उमनगर फीडर के रामनाथ देवरिया समेत दर्जनों मुहल्लों में बिजली विभाग की दस टीम ने सुबह से चेकिंग शुरूकी, जिससे बिजली चोरों में हड़कंप मचा रहा। 185 की बिजली चेकिंग में करीब 6 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पकड़े गए, जिन पर केस दर्ज करने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा करीब 85 घरों की बिजली बिल बकाया होने पर काटी गई। इन पर करीब 18.6 लाख का बिजली बिल बकाया था। चेकिंग के दौरान करीब 3.5 लाख के बकाए की भी वसूली की गई। बिजली विभाग के एक्सईएन राकेश वर्मा ने बताया कि पूरे खंड के अधिकारियों, कर्मचारियों की दस टीमों को चेकिंग में लगाया गया था। चेकिंग में प्रबंध निदेशक द्वारा डिस्कॉम से नामित अधिकारियों ने भी अभियान का निरीक्षण कर बिजली चोरी एवं बकाएदारों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील किया है कि विच्छेदन तिथि के अंदर अपना बकाया बिजली बिल जमा करवाएं और बिजली चोरी न करे। शाम को सभी मीटर रीडर्स को बुलाकर परेड कराई गई, जिसमें मीटर रीडर्स के कार्यों की समीक्षा की गई। अब मीटर रीडर्स कोई भी गलत बिल नहीं बना पाएंगे, क्योंकि शत प्रतिशत मीटर की फोटो खींचकर ऑटो ओसीआर एवं प्रोब के माध्यम से ही बिल बनाने है, जिससे गलत बिल बनने की संभावनाएं खत्म हो जाएंगी। रीडिंग के कार्यों में शिथिलता बरतने वाले मीटर रीडर्स को चेतावनी दी गई। सुधार नहीं होने पर ऐसे मीटर रीडर्स को बर्खास्त किया जाएगा।