संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। भभौली गांव में निर्माणाधीन वाटर पार्क की दीवार गिरने से उसके मलबे से दबकर हुई बालक की मौत के मामले में पुलिस वाटर पार्क के मालिक पर मंगलवार को केस दर्ज किया है। बालक की मां ने तहरीर देकर वाटर पार्क के मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
सोमवार की सुबह भभौली गांव के गोपालपुर टोले में एक निर्माणाधीन वाटर पार्क की दीवार ढह गई थी। दीवार के मलबे से दबकर एक बालक की मौत हो गई थी। एक अन्य घायल हो गया।
उधर, संगम की मां ने आरोप लगाया कि वाटर पार्क के संचालक ने उद्घाटन के नाम पर गांव के बच्चों को बुलाया था और तालाब में पानी डालकर चेक कर रहा था, दीवार रिस रही थी। उसने बच्चों को दीवार से रिस रहे पानी को देखने के लिए भेज दिया। अचानक बच्चों पर दीवार गिर गई। इससे उनके बेटे की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के पिंडरा लक्ष्मीपुर गांव का रहने वाला 11 वर्षीय संगम निषाद मां मीना के साथ ननिहाल में भभौली गांव निवासी राजाराम के घर रहकर पढ़ाई करता था। गांव में एक वाटर पार्क का निर्माण हो रहा है। इसे देखने लिए सोमवार की सुबह गांव के बच्चे गए थे। संगम भी भभौली गांव के 16 वर्षीय श्याम उर्फ मोछू के साथ वाटर पार्क देखने गया था।
वाटर पार्क में एकत्र पानी की वजह से अचानक दीवार भरभरा कर गिर गई। इस दौरान नवनिर्मित दीवार के बगल में खड़े दोनों पर दीवार का मलबा गिर गया। संगम मलबे के नीचे दब गया। इससे उसकी मौत हो गई। श्याम उर्फ मोछू को गंभीर चोटें आई हैं।
शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने पर ग्रामीणों ने रुद्रपुर-कपरवार मार्ग पर हंगामा भी किया था। मामले में पुलिस ने संगम की मां मीना देवी पत्नी सुनील निषाद की तहरीर पर मदनपुर थाने के सरया गांव निवासी राजेंद्र मणि पर बीएनएस की धारा के तहत केस दर्ज किया है।