संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। संयमित खानपान न होने से लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। अधिक तैलीय खाद्य पदार्थों और एल्कोहल के सेवन से लिवर की समस्या हो रही है। लोग फैटी लिवर से पीड़ित हो रहे हैं। बदहजमी, पेट में भारीपन, गैस, सुस्ती आदि दिक्कत हो रही हैं। इस तरह की समस्या से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ी है।
मेडिकल कॉलेज में रोजाना 40-50 मरीज इलाज कराने आ रहे हैं। डॉक्टर दवा देने के साथ जांच भी करा रहे हैं। साथ ही, सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। अनियमित दिनचर्या और खानपान में गड़बड़ी से स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ रहा है। लोगों की व्यस्तता अधिक हो गई है। खानपान ध्यान नहीं दे रहे हैं।
फास्ट और जंक फूड का अधिक सेवन कर रहे हैं। इससे स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। तले हुए खाद्य पदार्थों का अधिक सेवन करने से लीवर की समस्या हो रही। एल्कोहल का सेवन करने से भी लिवर पर असर पड़ता है। इन सभी से लोग फैटी लिवर की चपेट में आ रहे हैं।
पाचन तंत्र बिगड़ रहा है। गैस, पेट में भारीपन, कम भूख लगने, पेट में ऊपर दायीं तरफ दर्द सुस्ती आदि दिक्कत हो रही है। इस तरह की समस्या से ग्रसित मरीज बढ़ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन ओपीडी में मरीजों की भीड़ हाेती है।
इसमें 40 से 50 मरीज फैट लीवर की समस्या से पीड़ित होते हैं। डॉक्टर परीक्षण के बाद दवा देते हैं और लक्षण के आधार पर जरूरत होने पर जांच भी कराते हैं। साथ ही सावधानी बरतने तथा खानपान व दिनचर्या ठीक रखने की सलाह देते हैं।
लक्षण दिखने पर अजरंदाज नहीं करनी चाहिए। समय से इलाज व परहेज करने पर बीमारी जल्द ठीक हो सकती है। लापरवाही करने पर बीमारी गंभीर हो सकती है। फैटी लीवर ऐसी बीमारी है, जिसमें लीवर के सेल में वसा इकट्ठा हो जाती है। इसमें लीवर की साइज बढ़ जाती है।
यह बीमारी अधिक तला खाद्य पदार्थों के सेवन, एल्कोहल के सेवन, हेपेटाइटिस वायरस के इंफेक्शन तथा कुछ दवा के मानक से अधिक डोज के सेवन से होती है। इसके अलावा शुगर अधिक होने पर वसा जमा हो जाता है।