फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: कार बरामद न मास्टरमाइंड गिरफ्तार, 49 दिन बाद भी अपहरण की जांच अधूरी

Tue, 17 Nov 2026 12:14 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, देवरिया
विज्ञापन
विज्ञापन
देवरिया। आयुष अपहरण कांड के 49 दिन बीतने के बाद भी पुलिस वारदात में इस्तेमाल कार बरामद नहीं कर सकी है। साजिश रचने वाला मास्टरमाइंड भी पकड़ से दूर है। अभी भी पुलिस के सामने साजिश का पर्दाफाश करने की चुनौती बनी हुई है।
विज्ञापन

अभी तक सिर्फ तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। अपहरण में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपी दूसरे आपराधिक मामलों में जेल पहुंच चुके हैं। दूसरी ओर फिरौती में क्रिप्टोकरेंसी मांगने वाले गिरोह का नेटवर्क भी सामने नहीं आ सका है।
रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पिपरा मदन गोपाल निवासी आयुष सिंह का 28 सितंबर को महुआडीह थाना क्षेत्र के बलटिकरा चौराहे से कार सवार बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर अपहरण कर लिया था। अपहरणकर्ताओं ने आयुष के दोस्त के व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर 35 से 40 हजार यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी की फिरौती मांगी थी।
विज्ञापन

पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर बदमाश 29 सितंबर की सुबह करीब 4:30 बजे आयुष को गोरखपुर के पैडलेगंज में छोड़कर भाग गए थे।
पुलिस ने एक अक्तूबर को मऊ जिले से अभिषेक चौहान को गिरफ्तार किया था। अगले दिन सत्या विश्वकर्मा और सौरभ राय उर्फ नवीन राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इन दोनों पर फर्जी दस्तावेज के सहारे सिम कार्ड उपलब्ध कराने का आरोप है।
इन्हीं सिम कार्डों के माध्यम से अपहरणकर्ताओं के संपर्क करने और फिरौती मांगने की बात सामने आई थी। इसके बाद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। पुलिस की जांच में अपहरण की साजिश रचने वाले दो प्रमुख आरोपियों की भूमिका सामने आई थी। एक पर आयुष की जानकारी देने और दूसरे पर अपहरण में शामिल होने का आरोप है।
पूर्व में एक मास्टरमाइंड के मुंबई भागने की आशंका भी जताई गई थी। वहीं दो अन्य आरोपी दूसरे मामलों में जेल पहुंच चुके हैं। वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की कार का भी सुराग नहीं लगा है। पुलिस न कार बरामद कर सकी है और न उसके मालिक की पहचान सामने आई है।
आयुष का मोबाइल भी बरामद नहीं होने की जानकारी है। आयुष के क्रिप्टोकरेंसी लेनदेन और अपहरणकर्ताओं को इसकी जानकारी मिलने का रहस्य भी बरकरार है। इन सवालों के जवाब नहीं मिलने से अपहरण की पूरी साजिश का पर्दाफाश अधूरा है।
थाना प्रभारी महुआडीह अमित कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही कार बरामद होने की उम्मीद है। आयुष के मोबाइल के विषय में पुलिस को जानकारी नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें