सलेमपुर। नवलपुर-लार मार्ग पर सहला गांव के मोड़ के पास सड़क पार करते बेकाबू कार ने सफाई कर्मी की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक सफाई कर्मी और उसपर सवार एक युवक सड़क के किनारे जा गिरे। लोगों ने घायलों को ऑटो से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, लार थाना क्षेत्र के सहजौर गांव निवासी नंद किशोर यादव (45) सलेमपुर ब्लॉक के विशुनपुरा गांव में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार को वह ड्यूटी के लिए घर से निकले। गांव में जाने के पहले किसी काम से सलेमपुर ब्लॉक पहुंचे। काम निपटाने के बाद हरैया लाला वार्ड के रहने वाले अतुल कुमार को अपनी बाइक पर बैठाकर ड्यूटी जा रहे थे। सहला गांव के मोड़ के पास विशुनपुरा गांव जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच नवलपुर की तरफ से जा रही बेकाबू कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे की जानकारी होते ही विभागीय कर्मचारियों का मेडिकल कॉलेज में जमावड़ा लग गया।