5 लाख की आबादी उसमभरी गर्मी से बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरियाा। कसया पावर हाउस से आने वाली मेन लाइन का केबल बृहस्पतिवार सुबह तीन बजे अचानक ब्लास्ट हो गया। जिससे क्षेत्र के 350 गांवों की आपूर्ति 10 घंटे से ठप है। बिजली सप्लाई नहीं होने से लगभग 5 लाख की आबादी उमस भरी गर्मी से बेहाल है। वहीं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कामकाज प्रभावित है।
तरकुलवा बिजली उपकेंद्र की मेन सप्लाई कसया पावर हाउस से होती है। जिससे उपकेंद्र में लगे तरकुलवा, गढ़रामपुर, बंजरिया और पथरदेवा फीडरों से जुड़े लगभग 350 गांवों को बिजली सप्लाई दी जाती है। बृहस्पतिवार सुबह तीन बजे कसया से आने वाली 33 केवी की मेन लाइन का केबल जलने से उपकेंद्र की आपूर्ति ठप हो गई। जिससे समूचे इलाके की बत्ती गुल हो गई। बिजली के अभाव में भोर से ही उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल हैं। घरों में लगे इन्वर्टर जवाब दे चुके हैं। लोगों के मोबाइल स्विच ऑफ हो चुके हैं। भीषण गर्मी में लोग बिजली और पानी के लिए तरस रहे हैं। बिजली के अभाव में तरकुलवा, पथरदेवा, कंचनपुर, गुलहरिया, बंजरिया, बालपुर श्रीनगर, सोन्हुला रामनगर, गढ़रामपुर, मुंडेरा बाबू, महुअवा बजराटार, महुआपाटन, नरायनपुर, बाबूपट्टी आदि कस्बों और चौराहों पर व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद पड़े हैं। हर तरफ हाहाकार मचा हुआ है। इस संबंध में अवर अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि मेन सप्लाई का केबल जल गया है, जिसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। खराबी ठीक करके बिजली सप्लाई चालू कर दी जाएगी।