ग्राम प्रधान सहित 25 ग्रामीणों से सुना पक्ष, अभिभावक मांग पर अडिग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद रामपुर कारखाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बेलवनिया लगातार चर्चा में बना हुआ है। यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावक यहां तैनात एक शिक्षिका को हटाने की मांग पर अडिग हैं, वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के लिए यह प्रकरण चुनौती बन गया है। समस्या को सुलझाने के लिए बृहस्पतिवार को बीएसए शालिनी श्रीवास्तव विद्यालय पहुंची और अभिभावकों व ग्रामीणों से नामांकित पाल्यों को भेजने की अपील की। मौके पर आश्वस्त किया कि जल्द ही समस्या को सुलझा लिया जाएगा।
जनपद की नई बीएसए शालिनी सुबह 9:30 बजे ही प्राथमिक विद्यालय बेलवनिया का औचक निरीक्षण करने गईं। उनके साथ खंड शिक्षा अधिकारी रामपुर कारखाना रोहित पांडेय भी थे। निरीक्षण में पाया गया कि प्राथमिक विद्यालय बेलवनिया में विगत चार दिनों से कोई बच्चा स्कूल नहीं आ रहा है। पूछने पर पता चला कि एक अध्यापिका के प्रकरण के कारण गांव के अभिभावक बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं। बीएसए ने ग्राम प्रधान सहित गांव के सामान्य नागरिकों एवं करीब 25 अभिभावकों को बुलवाया और उनसे उनका पक्ष जाना। मौके पर उपस्थित अभिभावकों ने उनसे स्पष्ट रूप से कहा कि पुन: तैनात की गईं सहायक अध्यापक तान्या सिंह को यहां से कहीं अन्यत्र भेजा जाए। जब तक वह यहां रहेंगी, वह पाल्यों को विद्यालय नहीं भेजेंगे। इस पर बीएसए ने सभी को आश्वस्त किया कि संबंधित प्रकरण को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाकर यथाशीघ्र निस्तारण करा दिया जाएगा। उन्होंने गांव वालों व नामांकित विद्यार्थियों के अभिभावकों से अनुरोध किया कि सभी लोग पाल्यों को पढ़ने के लिए प्राथमिक विद्यालय बेलवनिया में भेजें। इस पर कुछ अभिभावकों ने सहमति जताई।
-
समस्या को लेकर ग्रामीणों व अभिभावकों से बातचीत की गई है। अगले सोमवार या मंगलवार तक इसका हल निकाल लिया जाएगा। बेलवनिया के लोगों से अनुरोध किया गया है कि अपने पाल्यों को विद्यालय समय से अवश्य भेजें।
.....शालिनी श्रीवास्तव, बीएसए