खुखुंदू। स्थानीय चौराहे पर बाइक की चपेट में आकर 30 वर्षीय व्यापारी घायल हो गया। व्यापारी के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई है।
आसपास के लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया है। हादसे के बाद चालक बाइक मौके पर छोड़ भाग निकला। बताया जा रहा है कि बाइक चालक स्टंट कर रहा था खुखुंदू चौराहा निवासी महताब बुधवार को अपने दुकान से खुखुंदू चौराहे पर सब्जी खरीदने गया था।
इसी बीच खुखुंदू-नूनखार मार्ग पर थाना बाजार की तरफ से एक युवक तेजी में बाइक लेकर खुखुंदू चौराहे पर पहुंचा और फिर तुरंत बाइक स्टंट करते हुए तेजी से मोड़ना चाहा।
इसी बीच सब्जी लेकर दुकान लौट रहे महताब चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज देवरिया में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी।
चोटिल अस्पताल जा चुका था। बाइक चालक की तलाश की जा रही है।