बरहज। मगहरा क्षेत्र के पड़री गुरुराव निवासी और बीएसएफ के जवान भारद्वाज राव (52 वर्ष) पुत्र कमला राव छुट्टी पर गांव आए हुए थे। रविवार की रात अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। उन्हें इलाज के लिए महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पड़री गुरुराव निवासी भारद्वाज सीमा सुरक्षा बल में गुजरात के भुज सेक्टर में तैनात थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुछ दिन पूर्व वह छुट्टी पर गांव आए हुए थे। वह वापस ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात में परिवार के लोगों के साथ भोजन करके सोने चले गए। अचानक उनके सीने में दर्द हुआ।
लोग जब तक कुछ करते, वह अचेत हो गए। भारद्वाज के मौत की जानकारी होते ही पत्नी रीमा बेसुध हो गईं। जबकि पुत्र राज, किट्टू का रो-रोकर बुरा हाल था। दो भाइयाें में भारद्वाज बड़े थे। बीएसएफ जवान का बरहज सरयू तट पर सोमवार दोपहर को अंतिम संस्कार किया गया।