तरकुलवा। झुलसाती गर्मी में बेपटरी हुई बिजली व्यवस्था लोगों को बेहाल कर रही है। मंगलवार की रात में गढ़रामपुर फीडर में ब्रेक डाउन हो गया। इससे जुड़े 60 गांवों की बत्ती आठ घंटे गुल रही। प्रचंड गर्मी से बुजुर्ग और बच्चे बिलबिला उठे। लोगों को छत व सड़कों पर टहल कर रात काटनी पड़ी। सुबह छह बजे जब बिजली आपूर्ति चालू हुई तब लोगों ने राहत की सांस ली।
33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र तरकुलवा में तरकुलवा, पथरदेवा, गढ़रामपुर और बंजरिया चार फीडर हैं। इनसे नगर समेत 450 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। रात करीब 10:30 बजे गढ़रामपुर फीडर की मेन लाइन में फॉल्ट हो गया। इसके चलते फीडर से जुड़े 60 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
इससे जलुआ, कारी टोला, हरैया, सोहनरिया, सिसवा, मुड़ीकटवा, नरहरपट्टी, अमवा, मठिया महावल, हरैया, कनकपुरा, नारायणपुर, कौलाचक, बेलही, मठिया रत्ती, भरौटा आदि गांवों के लोगों को प्रचंड गर्मी में रात बितानी पड़ी। सुबह तीन बजते-बजते इनवर्टर भी जवाब दे गए। इसके बाद से महिलाएं छत और पुरुषों को सड़क पर टहल कर रात काटनी पड़ी। अवर अभियंता लवलेश सिंह ने बताया कि गढ़ रामपुर फीडर की मेन लाइन में ब्रेकडाउन से आपूर्ति ठप हो गई थी।