नई स्थानांतरण नीति के विरोध में फार्मासिस्टों ने किया कार्य बहिष्कार
देवरिया। नई स्थानांतरण नीति के विरोध में डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन ने शुक्रवार को दो घंटे कार्य बहिष्कार किया। साथ ही जिला अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर स्थानांतरण नीति वापस लेने की मांग की।
चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले जनपद के चीफ फार्मासिस्ट व फार्मासिस्टों ने प्रात: आठ से दस बजे तक कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान जिला अस्पताल परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की। वक्ताओं ने कहा कि कोरोना काल में फार्मासिस्टों ने जी-जान से अपने दायित्वों व कर्तव्यों का बखूबी निर्वहन किया। कोरोना महामारी से अभी थोड़ी राहत मिली थी कि डेल्टा प्लस वैरिएंट ने दस्तक दे दी है। इस समय फार्मासिस्टों के स्थानांतरण से चिकित्सा व्यवस्था चरमरा जाएगी। ऐसे में नई स्थानांतरण नीति उचित नहीं है। कहा कि इसे शीघ्र वापस नहीं लिया गया तो लखनऊ स्थित स्वास्थ्य महानिदेशालय का घेराव किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष बलराम यादव, मंत्री राजेश कुमार तिवारी, उमेश मिश्र, अशोक राय, राधेश्याम राय, धर्मेद्र तिवारी, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला, ओपी यादव, विजेंद्र द्विवेदी, दिनेश भाष्कर, एमएस सिद्दीकी, मुरलीधर गुप्ता, स्टाफ नर्स कुलभूषण द्विवेदी आदि मौजूद रहे।