सोंदा में चांदमारी की जमीन के आस-पास लोग कर रहे थे कब्जा
निर्माण को मंजूरी मिलने के बाद पहली किस्त जारी
देवरिया। चांदमारी और पुलिस लाइन में 4.60 करोड़ की लागत से बाउंड्री होगी। शासन से इसके लिए स्वीकृति मिल गई है और बजट भी मिल गया है। कागजी प्रक्रिया पूरा होते ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। वर्तमान में जमीन खाली होने के कारण आस-पास के लोगों ने कब्जा जमा लिया है। जिसके चलते जमीन सिकुड़ती जा रही है।
शहर के सोंदा वार्ड स्थित चांदमारी की करीब दो एकड़ से अधिक जमीन है। इस पर बाउंड्री न होने के चलते आसपास के लोगाें ने अतिक्रमण कर लिया है। सात माह पूर्व यहां ग्रामीण कोतवाली बनाने के जमीन की पैमाइश भी कराई गई थी और अतिक्रमण भी खाली कराया गया था, लेकिन यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई और लोग फिर अतिक्रमण करने लगे। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बाउंड्री कराने के लिए शासन में प्रस्ताव भेजा था।
शासन ने चांदमारी की जमीन पर 1140 मीटर बाउंड्री के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसका निर्माण एक करोड़ 43 लाख रुपये से कराया जाना है। निर्माण के लिए पहली किस्त जारी कर दी गई है। वहीं, पुलिस लाइन की बाउंड्री भी जर्जर हो गई है। कुछ स्थान पर टूट भी गई है। उसके गिरने का डर बना रहता है सड़क ऊंची होने से बाउंड्री नीचे हो गई है। दो करोड़ 18 लाख रुपये से पुलिस लाइन की 1380 मीटर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य के प्रस्ताव व बजट की मंजूरी के साथ प्रथम किस्त स्वीकृत हो गया है। कार्यदायी संस्था पुलिस आवास निगम ने निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
-
चांदमारी की जमीन और पुलिस लाइन की बाउंड्री का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। पुलिस आवास निगम को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उम्मीद है कि जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। , संकल्प शर्मा, एसपी