शहर में जाम हुआ आम, रस्म अदायगी तक सिमटे तमाम इंतजाम
सड़कों पर ठेले-खुमचे और दुकानदारों का अतिक्रमण, शाम के समय पैदल चलना भी मुश्किल
देवरिया। शहर में जाम बेहद आम हो गया है। सभी प्रमुख बाजारों की सड़कों पर ठेले-खुमचे वालों और दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। शाम के वक्त पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। जाम की स्थिति ज्यादा गंभीर होने की सूचना पर ट्रैफिक पुलिस पहुंचती है तो सड़क से ठेले-खुमचे हटवाए जाते हैं लेकिन पुलिस टीम के जाते ही इनकी दुकानें फिर सज जाती हैं। इन हालात में नगर पालिका की कार्रवाई भी सिर्फ चेतावनी तक सिमटी हुई है।
चार दिन पूर्व मोहन रोड में जाम की वजह से एक घंटे तक लोग परेशान रहे। एक दुकानदार और बाइक सवार युवक के बीच मारपीट हो गई। कुछ देर बाद यातायात पुलिस के पहुंचने के बाद सड़क पर दुकान लगाने वाले दुकानदार अपनी दुकानें छोड़ हट गए।
शनिवार को दिन में करीब 1 बजे मोतीलाल रोड पर सड़कों पर ठेले-खुमचे पर दुकानें लगी थी और जाम की वजह से गाड़ियां रेंगती चल रही थीं। 1.55 बजे अंसारी रोड पर भी कुछ ऐसा ही नजारा था। मंडी में सड़कों पर व्यापारियों ने सब्जी की की दुकान लगा रखी थी तो वहीं किराना व्यापारियों ने सामान बाहर रखे थे। दुकानदारों ने बताया कि पानी की निकासी के लिए इंतजाम नहीं होने से हल्की बारिश में भी दिक्कत बढ़ जाती है।
रामलीला रोड पर सड़क किनारे गर्म कपड़ों की दुकानें लगी थीं और मॉल-मार्ट के बाहर सड़क किनारे बाइक और चार पहिया वाहन खड़े होने से जाम लगा रहा। नगर पालिका प्रशासन सड़कों पर अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों को सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ देता है।
शहर की इन सड़कों पर सजती हैं दुकानें
शहर के रामलीला रोड, कोतवाली रोड, मोतीलाल रोड, हनुमान मंदिर रोड, नई बाजार, सोनार गली, छहमुखी चौराहा, अंसारी रोड, पेड़ा गली, मोहन रोड पर, राघव नगर, स्टेशन रोड पर सड़क पर ही दुकानें लगती हैं। सब्जी मंडी से सामान लाने और ले जाने की वजह से ठेला, ई-रिक्शा आदि मोतीलाल रोड पर खड़े रहते हैं। इसके चलते दोपहर बाद से देर शाम तक इधर से गुजरना काफी मुश्किल हो जाता है।
शहर की सड़कों पर गंदगी और अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। हल्की बारिश में सड़कों की ऐसी दशा होती है कि पैदल चलना मुश्किल हो गया है। वहीं सड़क के दोनों तरफ दुकानें सजी हुई हैं। इस पर नगर पालिका प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
- सच्चितानंद मिश्र
-
शहर के प्रमुख बाजारों की सड़कों पर दुकानदारों का कब्जा है। दुकानदार सामान बाहर रख देते हैं। जहां चाहे वाहन खड़े करा सामान लोड कराने लगते हैं। सड़क पर ठेला भी लगवा देते हैं। इनके खिलाफ नगर पालिका प्रशासन कार्रवाई नहीं करता।
- बीरेंद्र गुप्ता
-सड़क पर दुकान लगाने वालों पर कार्रवाई की जाती है। शिकायत मिलने पर नोटिस भी दिया जाता है। मौके पर टीम पहुंचती है और दुकानदार को चेतावनी देती है। अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
- रोहित सिंह, ईओ, नगर पालिका देवरिया